यह ब्लॉग अठन्नी वाले बाबूजी उपन्यास के लिए महाराष्ट्र हिन्दी अकादमी का बेहद कम उम्र में पुरस्कार पाने वाले युवा साहित्यकार,चिंतक,पत्रकार लेखक पवन तिवारी की पहली चर्चित पुस्तक "चवन्नी का मेला"के नाम से है.इसमें लिखे लेख,विचार,कहानी कविता, गीत ,गजल,नज्म व अन्य समस्त सामग्री लेखक की निजी सम्पत्ति है.लेखक की अनुमति के बिना इसका किसी भी प्रकार का उपयोग करना अपराध होगा...पवन तिवारी

बुधवार, 27 अप्रैल 2022

आया अपने गाँव तो

आया अपने गाँव  तो  कल  खेत  की पकड़ी डगर

रास्ते  में  टिटहरी  की  पड़  गयी  मुझ  पर  नज़र

बोली  जामुन  कब तलक भाकोगे यूँ ही दर-बदर

हरित  भोली  वादियों  में  छोड़  कर आओ  नगर

 

गाँव  में  मुझे   देखकर   हँसते   हुए   बोली  नहर

अब न जाना छोड़ कर तुम अपनी माटी गाँव घर

कुकुरमुत्ता चहक बोला रहना अब इसी हरगुजर

फुदक  गौरैया  भी  बोली  यहीं  पर  जाओ  ठहर

 

शहर की चालाकियों  से  सिकुड़ता  जाता जिगर

बथुए ने रो कर  कहा  कि  लौट आओ इस डगर

बाह  में   शरमाया  महुआ  आम  हो बोला निडर

नगर के जीवन में मिलता स्वास्थ्य से ज्यादा सगर 

 

मेंड़  बोली  खेत   बोला   पवन  जी   आओ  इधर

दूब मीठे  स्वर   में  बोली  आप का मन है किधर

गिलहरी ने कहा कवि जी लौट आओ अपनी दर

नगर में ज्यादा है नकली   असली केवल है जहर

 

नेह सिंचित बोल सुनकर हिय हुआ था तरबतर

मैं रहूँगा गाँव में अब सुन  हुआ  खुश भी भ्रमर

बाग पोखर धूल मिट्टी सरसो तक पहुँची ख़बर

गाँव में  कविता की सरिता अब बहेगी हर प्रहर

 

पवन तिवारी

०८/०३/२०२१

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें