यह ब्लॉग अठन्नी वाले बाबूजी उपन्यास के लिए महाराष्ट्र हिन्दी अकादमी का बेहद कम उम्र में पुरस्कार पाने वाले युवा साहित्यकार,चिंतक,पत्रकार लेखक पवन तिवारी की पहली चर्चित पुस्तक "चवन्नी का मेला"के नाम से है.इसमें लिखे लेख,विचार,कहानी कविता, गीत ,गजल,नज्म व अन्य समस्त सामग्री लेखक की निजी सम्पत्ति है.लेखक की अनुमति के बिना इसका किसी भी प्रकार का उपयोग करना अपराध होगा...पवन तिवारी

गुरुवार, 6 जून 2019

हमारा घर परिवार


द्वार पे एक छोटा सा नल है
मिलता  उससे निर्मल जल है
पास में है अमरुद  का तरुवर
बगल में छोटा सा है शिव घर

अम्मा रोज चढ़ाती जल है
सामने बाग़ में भी हलचल है
घर के  बाएं नीम खड़ी है
दुर्गा  माँ की चुनर पड़ी है

खटिया एक नीम के नीचे
चाचा बैठिके सुरती  मीचे
झबरा  कुत्ता  नीचे लोटे
गड़ही  में  पानी के  टोटे

चाचा  हमरे  तुतलाते  हैं
गोल गोल वो बतियाते हैं
सीदे - सादे   सच्चे   हैं
बुढ़ापे  में   भी  बच्चे हैं

दीदी गुण  में सबकी  नानी
पर घर की वो बिटिया रानी
छोटी  बहन शरारत  करती
चुपके बताशा फ्राक में भरती

बाबू जी  की  बात निराली
छुटकी  दीदी उनकी दुलारी
पान से उनकी खूब है यारी
गमछा बाँध  बनावें क्यारी

एड़ी  तक  धोती पहने हैं
सूती कुर्ता  क्या कहने हैं
मूछ पे ताव लगाकर बोले
सुबह-सुबह हो कहाँ को डोले

अम्मा  तो सबकी है आशा
चटनी चोखा  दही  बताशा
औषधि हर पीड़ा की अम्मा
मैं भी प्यारा भले निकम्मा

आँखों में काजर वो लगाती
हाथ घुमा के नज़र भगाती
सुबह को विद्यालय जब जाता
चुपके से दस  पइसा पाता

सबसे अच्छी प्यारी अम्मा
हमरे  लिए बनती चेनम्मा
बाबू जी  से भी लड़ जाती
हमरे लिए उनसे अड़ जाती

एक  जो  मेरी  गइया है
समझो   मेरी  मइया  है
गोबर  मैं  ही  उठाता हूँ
पीकर  दूध  मैं  गाता हूँ


उसका बछड़ा बड़ा  सलोना
उसको करता चोना – मोना
उछल - कूद  जब करता है
खुशियों  से  मन भरता है

तुलसी  जी  का  चौरा  है
उनका   अपना  औरा  है
रोज चढ़ता घर भर जल है
उससे सबको आत्मिक बल है

बस मेरा  परिवार है  इतना
और कहूं घर द्वार है कितना
मैं  ही  एक  निठल्लू  था
घर भर में मैं ही कल्लू था

पर परिचय अब बदल गया है
निठल्लू भी  सम्भल  गया है
शब्दों  का  छोटा  उपवन हूँ
मैं साहित्य का मंद  पवन हूँ


पवन तिवारी
संवाद – ७७१८०८०९७८
अणु डाक – poetpawan50@gmail.com


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें