सोमवार, 25 अप्रैल 2022

इस बदन में

इस बदन में जगत के सभी जोग हैं

ये बदन जोगी है इसमें सब जोग हैं

सच के अंकुश से संचलित आचरण

अन्यथा इस बदन में ही सब रोग हैं

 

हैं ये दूषित बदन तो ये  पावन  भी है

है ये मरुथल अगर तो ये सावन भी है

द्वेष की यदि शिरा  प्रेम की धमनियाँ

बाहरी  आवरण  मन  भावन  भी है

 

ये  बदन  सृष्टि  का  पुण्यतम  कर्म है

इस बदन से ही जीवित जगत धर्म है

कोसना त्याग कर  ध्यान इसका धरें

है  ये  दर्शन  ये  सबसे  बड़ा  मर्म है  

 

हम हैं लौकिक हैं भौतिक इसे मान लें

कुछ अलौकिक  नहीं  है यहा जान लें

माया अध्यात्म  खिचड़ी पकाएं नहीं

एक  पथ  पर  चलें  आज  ये ठान लें

 

इसके स्वभाव का आचरण कीजिये

प्रेम है मूल  इसका  वरण  कीजिए

सारे  प्रश्नों  के  उत्तर मिलेंगे सहज

स्वयं के मात्र इसके शरण कीजिये  

 

पवन तिवारी

१८/०४/२०२१

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें