बुधवार, 27 जुलाई 2022

बुरे दिनों में

बुरे  दिनों  में  साथी  भी  झुठलाते हैं

ऐरे   गैरे  भी   जमकर   समझाते  हैं

जो भी दृष्टि  पड़े  है  बस शक से देखे

दया दिखाते बच बच कर बतियाते हैं

 

तिरछी नज़र देखकर  नज़र झुकाते हैं

दूर  से  ही  रस्ता  बदलें  कट जाते हैं

अकस्मात पड़ गयी नज़र आवाज़ जो दी

जल्दी  में  हैं  इक दिन  मिलने आते हैं

 

ऐसे   अनुभव   हर  हप्ते  ही  पाते  हैं

घर के  लोगों  से  भी  ताने  खाते  हैं

मरने  से  भी मुश्किल होता है जीना

खुद  को  ही  अंदर  अंदर गरियाते हैं

 

दिन नहीं कटते राते ठहर ही जाती हैं

बुरी – बुरी  बातें  ही मन में आती हैं

कभी कभी तो सर चकराने लगता है

आँखें सोने तक का सुख नहीं पाती हैं

 

अच्छे दिन आते ही फोन  बिजी होता

अपना  बैग  ख़ुशी  और  ही  है ढोता

कुकुरमुत्ते   से   पैदा   होते   सम्बंधी

जो भी सोचो उससे भी अच्छा होता

 

पवन तिवारी

२९/०४/२०२२  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें