शुक्रवार, 22 जुलाई 2022

बँध गया हूँ या कि


बँध गया हूँ या  कि  जैसे बिंध गया हूँ  

पीड़ा की गठरी हूँ या जग की  दया हूँ

लोग   कौतूहल   के   जैसा  देखते  हैं

है  पुरातन  रूप  या  लगता  नया हूँ

 

एक  ही  घटना  की   बारम्बारता है

स्वप्न में  हर  रोज   हाथी  मारता है

समय  से  प्रति दिवस चलता युद्ध है

है  अनिर्णित  कौन  जीता  हारता है

 

लक्ष्य निश्चित है  मगर पथ लापता है

किन्तु पग हर रोज कुछ तो नापता है

सोचता हूँ इस विषय पर बोल दूँ सच

समय आने पर अधर  क्यों काँपता है

 

आदमी है  भ्रमित  संशय से भरा है

ज़िन्दा है कहता मगर जैसे भरा  है 

ऐसी स्थिति से उबरना चाहिए मन

आदमी क्यों  आदमी  से ही डरा है

 

प्रेम  ही  सबसे  बड़ा  झूठा  हुआ

हर तरफ  विश्वास  है टूटा  हुआ

ऐसे  में   कैसे  चलेगा  ये  जगत

अपनापन सबसे ही है रूठा हुआ

 

पवन तिवारी

३/०४/२०२२  

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें